पाकिस्तान में 41 नए मामलों की पुष्टि से हड़कंप

पाकिस्तान में एक ही दिन में कोरोना वायरस के 41 नए मामले सामने आए हैं। इससे यहां मरीजों की संख्या 94 हो गई है। रविवार तक देश में 53 मामले सामने आए थे। सभी नए मामलों की पुष्टि दक्षिणी सिंध प्रांत में हुई है। बता दें कि ईरान में अभी तक लगभग 14,000 मामले सामने आ गए हैं और 700 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।

सरकार के प्रवक्ता मुर्तजा वहाब ने कहा ये सभी संक्रमित मरीज वो लोग हैं, जिन्हें ईरान की सीमा पर स्थित ताफ्तान से सिंध लाया गया था। जांच के बाद नए मामले सामने आए हैं। सिंध में अब-तक मरीजों की संख्या 76 हो गया है। इनमें से दो लोग ठीक हो गए हैं। वहीं 74 लोगों को आइसोलेशन में रखा गया है। इन नए मामलों के साथ मरीजों कुल संख्या 94 हो गई है। इस बीच, सरकार महामारी को रोकने के लिए कदम उठा रही है। पंजाब प्रांत में अधिकारियों ने सभी सार्वजनिक क्षेत्र के विश्वविद्यालयों के छात्रावासों को तत्काल व्यवस्था के तौर पर कोरंटाइन केंद्रों में परिवर्तित कर दिया है।

अधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालयों को प्रांत में सभी छात्रावासों को साफ करने और छात्रों के सामान को शिफ्ट करने के लिए सूचित किया गया है। दिसंबर में चीन के वुहान शहर में उत्पन्न हुए घातक वायरस से 6,500 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। 135 से अधिक देशों और क्षेत्रों में 1,69,000 से अधिक लोगों को संक्रमित किया है। चीन में 80,860 से ज्यादा मामले सामने आए हैं और 3,213 लोगों की मौत हो गई है। चीन के बाद इटली और ईरान दो सबसे ज्यादा प्रभावित देश हैं।

पाकिस्तान की उच्चस्तरीय राष्ट्रीय सुरक्षा समिति ने शुक्रवार को वायरस को रोकने के प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए कई निर्णय लिए। इसने अफगानिस्तान और ईरान के साथ पश्चिमी सीमा को बंद करने का फैसला किया। वायरस के प्रकोप को देखते हुए पाकिस्तानी सरकार ने सभी शिक्षण संस्थानों को 5 अप्रैल तक बंद करने का भी आदेश दिया।

प्रकाशित तारीख : 2020-03-17 11:33:16

प्रतिकृया दिनुहोस्