आर्टिकल 370 और 35ए को लेकर केंद्र पर बरसीं महबूबा, बोलीं- एक समय आएगा जब इन्हें बहाल किया जाएगा

File Photo
File Photo

जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने एक बार फिर आर्टिकल 370 को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमें निराश नहीं होना चाहिए क्योंकि एक समय आएगा जब न केवल अनुच्छेद 370 और 35ए को बहाल किया जाएगा बल्कि केंद्र यह कहने के लिए मजबूर होगी कि उन्होंने गलत किया है। 

 

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा कि आर्टिकल 370 और 35A कानूनी तरीके से नहीं गया। जायज तरीके से नहीं गया बल्कि नाजायज तरीके से गया। डाकू जो चीज लूटकर ले जाता है वो उसकी नहीं होती, उसे वापस लाना होता है। दुनिया में कोई चीज़ नामुमकिन नहीं है।

 

सरकार पर कश्मीरियों की नौकरियां छीनने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार नौकरी देने की बजाय लोगों को नौकरी से निकाल रही है। यहां बहुत ज़्यादा बेरोज़गारी है। सड़कों की हालत खराब है, रिश्वतखोरी ज़्यादा है, भ्रष्टाचार है। बिजली, पानी सहित हर चीज़ की दिक्कत है। पेंशन में हेराफेरी होती है। पहले 10 फीसदी भ्रष्टाचार था वो आज 50 फीसदी हो गया है। 

आपको बता दें कि केंद्र की मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 के कुछ प्रावधानों को समाप्त कर इसे दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया था। जो जम्मू-कश्मीर और लद्दाख केंद्रशासित प्रदेश के तौर पर जाने गए। हालांकि घाटी के नेता लगातार केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर के प्रदेश का दर्जा बहाल करने की मांग करते रहते हैं।

प्रकाशित तारीख : 2021-09-18 07:06:00

प्रतिकृया दिनुहोस्