उत्तर भारत में जल्द मानसूनी बारिश के कारण भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण पश्चिमी मानसून के 14-15 जून तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में पहुंचने की संभावना है। मानसून बंगाल की खाड़ी, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के बाकी इलाकों में आगे बढ़ चुका है। अगले 24 घंटे में यह उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश को कवर करेगा।
मौसम विभाग ने मुंबई में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है और इस बारे में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक बंगाल की उत्तरी खाड़ी और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल और उड़ीसा तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। यह उड़ीसा को पार करते हुए मध्य भारत की ओर आगे बढ़ सकता है। इससे दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और असम के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पौड़ी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक मॉनसून 15 से 20 जून के बीच उत्तराखंड पहुंच सकता है।