सब कुछ केंद्र करेगा तो आप क्या करेंगे?

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि शुक्रवार रात को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से जनता से संवाद करते हुए ऑक्सीजन, रेमडेसिविर, कोरोना के टीके जैसी हर बात की जिम्मेदारी केंद्र सरकार पर डालने का प्रयास किया। उन्होंने सवाल किया कि कोरोना का मुकाबला करने के लिए सब कुछ केंद्र सरकार ही करेगी तो राज्य सरकार अपने दम पर क्या करेंगी?

पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कबूल किया है कि कोरोना की दूसरी लहर की संभावना थी, लेकिन उन्होंने इस लहर का सामना करने के लिए पिछले पांच माह में क्या तैयारी की, इसकी जानकारी नहीं दी। अस्पतालों को ऑक्सीजन निर्माण संयंत्रों से जोड़ने की बात कही जा रही है, लेकिन यह काम पांच माह पहले शुरू हो जाते तो आज ऑक्सीजन के लिए दौड़ भाग करने की जरूरत नहीं पड़ती। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य के 18 से 44 आयु समूह के लोगों के लिए 12 करोड़ टीके एकसाथ खरीदने के लिए तैयार है। इस पर पाटिल ने कहा कि केंद्र ने राज्यों को सीधे टीके खरीदने की अनुमति दी है, ऐसे में मुख्यमंत्री को केंद्र के पीछे पड़ने की जरूरत नहीं है। भाजपा प्रदेशा अध्यक्ष ने कहा कि 15 दिन लॉकडाउन बढ़ाने से आम लोगों के रोजगार का नुकसान हुआ है। इस बात के मद्देनजर शुक्रवार को मुख्यमंत्री की तरफ से कुछ बढ़े पैकेज की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने निराश किया।  पिछले पैकेज के कार्यान्वयन के बारे में उन्होंने जो जानकारी दी है, वह भी असंतोषजनक है।

प्रकाशित तारीख : 2021-05-02 06:18:00

प्रतिकृया दिनुहोस्