कुछ शहरों में लग सकता है लॉकडाउन

महाराष्ट्र में तेजी से कोरोना का प्रसार हो रहा है। रविवार को नए मरीजों का आंकड़ा 30 हजार को पार कर गया। ऐसे हालात में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि  कोरोना का प्रकोप कम नहीं हुआ तो कुछ शहरों में लॉकडाउन लगाया जा सकता है। राज्य के प्रमुख शहर मुंबई, पुणे और नागपुर में हालत चिंताजनक हैं।

रोजाना तीन लाख लोगों का टीकाकरण

टोपे ने कहा कि लॉकडाउन को टालने के लिए नियमों का पालन किया जाए। राज्य में रोजाना कोरोना मरीजों की संख्या नए रिकॉर्ड बना रही है। इस विषय को लेकर वे पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। टोपे ने कहा कि राज्य में रोजाना तीन लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। हमारा प्रयास तीन माह में टीकाकरण कार्यक्रम पूरा करने का है।

मुख्यमंत्री से हुई बातचीत

टोपे ने कहा कि रविवार को उनकी मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बातचीत हुई थी। मुख्यमंत्री का कहना है कि जिन शहरों में कोरोना के रोगियों की संख्या बढ़ रही है, तो वहां लॉकडाउन लगाना होगा। यदि स्थिति बिगड़ी तो कठोर निर्णय लेने पड़ेंगे। मंगलवार को फिर इस बारे में चर्चा होगी। लोगों को लॉकडाउन से बचना है तो उन्हें नियमों का पालन करना होगा।

85 फीसदी मरीज लक्षणविहीन

टोपे ने कहा कि राज्य में रोजाना मिलने वाले कोरोना रोगियों की संख्या रिकॉर्ड बना रही है। विशेषकर मुंबई, पुणे, नागपुर में मरीजों की बढ़ती संख्या चिंताजनक है। सोमवार को राज्य में कुल एक्टिव रोगियों की संख्या 2 लाख 10 हजार है, इनमें से 85 फीसदी एसिम्टोमैटिक हैं। कोरोना की वजह से डेथ रेट 0.4 फीसदी है।  

टोपे ने कहा कि केंद्र सरकार के दिशा- निर्देशों का राज्य में पालन किया जा रहा है। वर्तमान में पर्याप्त बेड उपलब्ध हैं। हालांकि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अधिक तैयारी की आवश्यकता है।

45 लाख लोगों को लगा टीका

टोपे ने कहा कि अभी तक राज्य में 45 लाख लोगों को टीकाकरण किया गया है। रोजाना औसतन 3 लाख लोगों की टीकाकरण किया जा रहा है। प्रशासन को फिलहाल लागू प्रतिबंधों को सख्ती से लागू करने के आदेश दिए गए हैं।  

45 से कम उम्र वालों का टीकाकरण जरूरी

उन्होंने कहा कि हाफकिन इंस्टीट्यूट को कोरोना का टीका बनाने की अनुमति मिली तो हम वहां 17 लाख डोज तैयार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कोवीशील्ड के दो डोज में 45 से 60 दिन का अंतर रखने का निर्देश दिया है। 45 साल से कम उम्र के लोगों का भी टीकाकरण होना आवश्यक है। महाराष्ट्र में अगले तीन महीनों में टीकाकरण पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।

 

प्रकाशित तारीख : 2021-03-23 07:42:00

प्रतिकृया दिनुहोस्