महिलाएं भरें ऊंची उड़ान, देंगे पंखों को बल: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य के बचत समूहों की लगभग एक लाख महिलाओं से ऑनलाइन बातचीत करते हुए कहा कि कोरोना काल में इन महिलाओं ने एक करोड़ से अधिक मास्क का उत्पादन कर कोरोना के खिलाफ हुई जंग में अपना सहयोग दिया है। आशा वर्कर, परिचारिका, आंगनवाडी सेविका, सहायिका, बचत समूहों की महिला  इस प्रकार सभी माता-बहनों ने इस अवधि में अपनी बहादुरी का परिचय दिया। इनके सशक्तिकरण के लिए सरकार की सभी योजनाओं को प्रभावशाली ढंग से लागू किया जाएगा। ठाकरे ने कहा कि आप ऊंची उड़ान भरे, आपके पंखों को बल देने का काम सरकार करेगी। ग्राम विकास विभाग की मार्फत राज्य की सभी परिषदों, पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों में विश्व महिला दिवस 8 मार्च से 5 जून को पर्यावरण दिवस तक महासमृद्धि महिला सशक्तिकरण अभियान लागू किया जाने वाला है। सह्याद्रि राज्य अतिथि गृह में संपन्न हुए ऑनलाईन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ठाकरे के हाथों इस अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार, ग्राम विकास मंत्री हसन मुश्रिफ, महिला तथा बाल विकास मंत्री यशोमति ठाकुर, ग्राम विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश कुमार उपस्थित थे। वेबलिंक द्वारा बचत समूहों की करीब एक लाख महिलाओं ने  भाग लिया।

मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा कि विश्व महिला दिवर पर राज्य का बजट प्रस्तुत किया गया। इसमें महिलाओं के लिए अनेक योजनाएं घोषित की गई हैं। इसी प्रकार ग्रामविकास विभाग की मार्फत शुरू होने वाले महा समृद्धि महिला सशक्तिकरण अभियान से अगले तीन महीने विभिन्न उपक्रम लागू किए जाने वाले हैं। इस अभियान से महिला सशक्तिकरण अभियान को अधिक गति मिलेगी। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि बचत समूहों को उनके उत्पादन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इन उत्पादनों को हमें राज्य, देश और वैश्विक स्तर पर बाजार उपलब्ध करवाने के लिए प्रयत्न करने चाहिए। अभियान के विषय में जानकारी देते हुए ग्राम विकास मंत्री हसन मुश्रिफ ने कहा कि महासमृद्धि महिला सशक्तिकरण अभियान से अगले तीन महीने ग्रामीण भागों में महिला सशक्तिकरण के विभिन्न उपक्रम लागू किए जाएंगे। महिला व बालविकास मंत्री यशोमति ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को सही अर्थों मे सशक्त करने के लिए उनको आर्थिक रूप से सक्षम करना होगा। इसके लिए महिलाओं को अर्थशास्त्र, अर्थव्यवस्था जैसे विषयों का प्रशिक्षण देना आवश्यक है।

 

प्रकाशित तारीख : 2021-03-10 10:14:00

प्रतिकृया दिनुहोस्