लॉकडाउन की तरफ बढ़ रहा महाराष्‍ट्र!

महाराष्‍ट्र में कोरोना की वजह से सूरतेहाल गंभीर बने हुए हैं। शनिवार को लगातार दूसरे दिन कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्‍या 10 हजार को पार कर गई। शुक्रवार को राज्‍य में 10,216 मामले सामने आए थे। शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 10,187 नए मामले दर्ज किए गए और 47 लोगों की मौत हो गई।

स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में इस महामारी के मामलों की कुल संख्या 22,08,586 पर पहुंच गई है। राज्य में 17 अक्टूबर के बाद दूसरी बार मरीजों की संख्‍या 10 हजार से अधिक दर्ज की गई है। शुक्रवार को महाराष्‍ट्र में 10,216 नए मामले सामने आए थे। राज्य में 17 अक्टूबर को 10,259 मामले दर्ज किए गए थे। अधिकारी ने बताया कि शनिवार को कोविड-19 से 47 और लोगों की मौत होने से राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 52,440 हो गई है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 6080 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई। राज्य के मदद एवं पुनर्वसन मंत्री विजय वडेट्टीवार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इधर, बुलढाणा जिले के शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ के परिवार के 12 सदस्य व दो कर्मचारी शनिवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। संजय गायकवाड़ विधानमंडल के बजट सत्र में शामिल होने के लिए मुंबई में है, इसलिए वे सुरक्षित हैं।

औरंगाबाद में लॉकडाउन के संकेत |  पुणे में भी कड़े एक्शन की तैयारी

 कोरोना पर कोई कंट्रोल ना हो पाने की वजह से महाराष्ट्र के औरंगाबाद में सोमवार से लॉकडाउन लगने जा रहा है। औरंगाबाद नगरपालिका के सूत्रों के मुताबिक औरंगाबाद के स्थानीय प्रशासन ने हल्के और कड़े प्रतिबंध लगाकर देख लिया। कोरोना में प्रतिदिन नए केस में बढ़ोत्तरी होती जा रही है इसलिए सोमवार से लॉकडाउन का निर्णय ले लिया गया है। बस घोषणा होने का इंतजार है, कोरोना के नए केस का आंकड़ा 500 के करीब पहुंच चुका है।  औरंगाबाद की तरह ही पुणे में भी कोरोना का कहर कायम है. उपमुख्यमंत्री पुणे को लेकर भी जल्दी ही कोई कड़ा फैसला ले सकते हैं. इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एजूकेशन एंड रिसर्च और टाटा इंस्टिट्यूट ने अपने रिसर्च में पुणे में कोरोना के नए केस बढ़ने के कारण जानने की कोशिश की है।  इस बीच सोलापुर में नाइट कर्फ्यू बढ़ा दिया गया है। जो नाइट कर्फ्यू 25 फरवरी से 7 मार्च तक के लिए लगाया गया था उसे अब बढ़ा कर 14 मार्च तक कर दिया गया है।

प्रकाशित तारीख : 2021-03-07 08:43:00

प्रतिकृया दिनुहोस्