भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए शुभ संकेत, IMF ने साल 2021 में 11.5 फीसद की ग्रोथ रहने का लगाया अनुमान

भारतीय अर्थव्यवस्था के साल 2021 में काफी तेजी से रिकवर करने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने अपनी ताजा वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट में यह दर्शाया है। आईएमएफ ने साल 2021 के लिए भारत की अर्थव्यवस्था के 11.5 फीसद की रफ्तार से ग्रोथ करने की उम्मीद जताई है। इससे पहले आईएमएफ ने अपनी अक्टूबर में जारी रिपोर्ट में साल 2021 के लिए 8.8 फीसद की ग्रोथ रेट का अनुमान व्यक्त किया था।

वहीं, आईएमएफ ने साल 2020 के लिए भारत की जीडीपी ग्रोथ (-)8 फीसद रहने का अनुमान व्यक्त किया है।इससे पहले आईएमएफ ने साल 2020 के लिए जीडीपी ग्रोथ रेट (-) 10.3 फीसद रहने का अनुमान व्यक्त किया था। साथ ही आईएमएफ ने साल 2022 के लिए भारत की जीडीपी में 6.8 फीसद की ग्रोथ रहने की उम्मीद जताई है।

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने साल 2021 के लिए वैश्विक ग्रोथ 5.5 फीसद रहने का अनुमान लगाया है। साथ ही आईएमएफ ने कहा कि यह वायरस और वैक्सीन के आउटकम पर अधिक निर्भर करेगा।

आईएमएफ ने 2021 के लिए जिन अर्थव्यवस्थाओं की ग्रोथ का अनुमान जारी किया है, उनमें सबसे अधिक ग्रोथ अनुमान भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए ही है। साल 2021 में आईएमएफ ने यूएस के लिए 5.1, जापान के लिए 3.1, यूके के लिए 4.5, चीन के लिए 8.1, रूस के लिए 3.0, और सऊदी अरब के लिए 2.6 फीसद जीडीपी ग्रोथ रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

प्रकाशित तारीख : 2021-01-26 20:35:00

प्रतिकृया दिनुहोस्